दाऊचौरा पुल की सड़क पर जलभराव की समस्या का हुआ समाधान : व्यंग्य वीडियो का असर
INFO UPDATE••2 min read
Share
खैरागढ़। नगर पालिका क्षेत्र के दाऊचौरा वार्ड स्थित मुख्य मार्ग के पुल पर लंबे समय से सड़क की बदहाली और जलभराव की समस्या राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई थी। लगातार बारिश और भारी आवाजाही के चलते सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर जाता था, जिससे हल्की बारिश के बाद भी राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। मुख्य मार्ग होने के कारण लोगों के पास इन गड्ढों से होकर गुजरने के अलावा कोई विकल्प नहीं था।
सड़क की स्थिति को लेकर हाल के दिनों में जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग के अधिकारियों को सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों की नाराजगी और आलोचना का सामना भी करना पड़ा। इससे पहले विभाग द्वारा सड़क के गड्ढों में धूल एवं गिट्टी डालकर सुधार का प्रयास किया गया था, लेकिन बारिश और लगातार वाहनों की आवाजाही के कारण कुछ ही दिनों में सड़क की स्थिति फिर पहले जैसी हो गई।
इसी बीच खैरागढ़ क्षेत्र के कुछ युवाओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से व्यंग्यात्मक वीडियो बनाकर दाऊचौरा की सड़क की वास्तविक स्थिति लोगों और संबंधित अधिकारियों के सामने रखी। वीडियो में सड़क के गड्ढों और जलभराव की समस्या को व्यंग्य के माध्यम से उजागर किया गया। बताया जा रहा है कि इसके बाद संबंधित विभाग ने पुल के ड्रेनेज की सफाई कराई और पानी की निकासी के लिए नली बनाकर जलभराव की समस्या का समाधान किया।
• पहले भी सामने ला चुके हैं जनसमस्याएं
खैरागढ़ के इन युवाओं द्वारा इससे पहले भी क्षेत्र की समस्याओं को सोशल मीडिया के माध्यम से सामने लाया गया है। खैरागढ़ के एकमात्र सिविल अस्पताल में गंदगी और अस्पताल तक पहुंचने वाले मार्ग पर बने गड्ढों की स्थिति को भी वीडियो के माध्यम से उजागर किया गया था। इसके बाद संबंधित स्तर पर कार्रवाई हुई और सड़क के गड्ढों को ठीक कराया गया।
• व्यंग्य के माध्यम से जनसमस्याओं की आवाज
इन युवाओं का तरीका सीधे तौर पर किसी विवाद को बढ़ाने के बजाय व्यंग्य और वीडियो के माध्यम से जनसमस्याओं को सामने लाने का है। सोशल मीडिया पर बनाए गए ऐसे वीडियो संबंधित समस्याओं को अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के संज्ञान में लाने का माध्यम बन रहे हैं।
दाऊचौरा पुल की समस्या के समाधान के बाद क्षेत्र में इस प्रयास की चर्चा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सोशल मीडिया के माध्यम से उठाई गई जनसमस्याओं पर इसी तरह समय रहते ध्यान दिया जाए तो छोटी-छोटी समस्याओं का समाधान होने के साथ क्षेत्र के विकास में भी सकारात्मक योगदान मिल सकता है।