दिलीपपुर (खैरागढ़-छुईखदान-गंडई)। ग्राम दिलीपपुर स्थित हाईस्कूल परिसर में मंगलवार को मुख्यमंत्री सरस्वती साइकिल योजना के तहत कक्षा 9वीं की छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। इस अवसर पर नवनिर्मित व्यायामशाला भवन का लोकार्पण एवं मंच निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि ग्रामीण और दूर-दराज़ के क्षेत्रों से विद्यालय आने वाली छात्राओं को लंबे समय से परिवहन संबंधी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई छात्राओं को प्रतिदिन लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे उनकी पढ़ाई भी प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना छात्राओं के लिए बेहद उपयोगी पहल है। साइकिल मिलने से उनके विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी, समय की बचत होगी और शिक्षा के प्रति उनका उत्साह भी बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज और देश के विकास की सबसे मजबूत नींव है। केंद्र एवं राज्य सरकार विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही हैं। सरस्वती साइकिल योजना भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम दिलीपुर में निर्मित व्यायामशाला भवन का विधिवत लोकार्पण किया गया। अतिथियों ने कहा कि इस सुविधा से गांव के युवाओं को नियमित व्यायाम, फिटनेस और खेल गतिविधियों के लिए बेहतर मंच मिलेगा। इससे ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और अपनी खेल प्रतिभा विकसित करने का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर जिला एवं जनपद पंचायत के जनप्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी, विद्यालय परिवार, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।