“मुझसे ₹1.50 लाख मांगे… इंटरनेशनल टूर्नामेंट छूट गया”, CM धामी बोले—“अच्छा! बैठ जाओ…ताइक्वांडो खिलाड़ी सायरा का सपना टूटा
Monika••2 min read
Share
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सामने एक स्कूली ताइक्वांडो खिलाड़ी ने अपनी ऐसी कहानी सुनाई कि कार्यक्रम में माहौल भावुक हो गया। छात्रा सयारा ने बताया कि उसका इंटरनेशनल ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ था, लेकिन करीब ₹1.50 लाख की व्यवस्था नहीं हो पाने के कारण वह प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले सकी।
अपनी बात रखते-रखते छात्रा भावुक हो गई। उसने मुख्यमंत्री से कहा कि उससे ₹1.50 लाख मांगे गए थे और इसी आर्थिक परेशानी के कारण उसका इंटरनेशनल खेलने का मौका छूट गया।
छात्रा की बात सुनकर CM धामी ने उसे शांत कराया और कहा—“अच्छा-अच्छा… बैठ जाओ।” इसके बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को छात्रा के स्कूल और उसके ताइक्वांडो प्रशिक्षण से जुड़ी जानकारी जुटाने के निर्देश दिए।
• जम्मू में नेशनल के बाद रोमानिया में हुआ चयन
सायरा के मुताबिक, उसने जम्मू में नेशनल ताइक्वांडो प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। इसके बाद उसका चयन रोमानिया में होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ।
प्रतियोगिता में जाने के लिए यात्रा समेत करीब ₹3.70 लाख का खर्च बताया गया था। छात्रा के अनुसार, इसमें करीब ₹1.70 लाख की सहायता मिलने की बात थी, जबकि लगभग ₹1.50 लाख की व्यवस्था उसे खुद करनी थी। आर्थिक व्यवस्था न हो पाने के कारण वह प्रतियोगिता में नहीं जा सकी।
• एक सवाल ने खड़ी कर दी बड़ी बहस
सायरा की कहानी ने खेल प्रतिभाओं के सामने आने वाली आर्थिक चुनौतियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन करने के बाद जब किसी खिलाड़ी को अंतरराष्ट्रीय मंच मिलता है, तो क्या सिर्फ पैसों की कमी उसके सपने के रास्ते में रुकावट बननी चाहिए?
हालांकि, इस मामले को लेकर बाद में स्पष्टीकरण भी सामने आया है और ₹1.50 लाख की मांग को सीधे सरकारी रिश्वत का मामला मानना उचित नहीं बताया गया है। इसलिए पूरे मामले में वास्तविक स्थिति अधिकारियों की जांच और उपलब्ध दस्तावेजों से ही स्पष्ट होगी।
फिलहाल, CM धामी के सामने छात्रा की भावुक अपील के बाद मामला सुर्खियों में है और अब सबकी नजर इस बात पर है कि सरकार इस मामले में आगे क्या कदम उठाती है।