खैरागढ़-छुईखदान-गंडई। बच्चों की सुरक्षा को लेकर खैरागढ़ थाना पुलिस ने जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस टीम ने गार्डन और मार्ट बाजार में बच्चों से संवाद कर उन्हें भीड़भाड़ वाली जगहों पर सावधानी बरतने और आपात स्थिति में सही निर्णय लेने की जानकारी दी।
पुलिस ने बच्चों को बताया कि अगर वे कभी माता-पिता या परिजनों से बिछड़ जाएं तो घबराएं नहीं और इधर-उधर अकेले जाने के बजाय सुरक्षित स्थान पर रुककर पुलिसकर्मी, सुरक्षा गार्ड, दुकानदार या किसी भरोसेमंद व्यक्ति से मदद लें।
अभियान के दौरान बच्चों को माता-पिता का मोबाइल नंबर याद रखने के लिए विशेष रूप से प्रेरित किया गया। साथ ही जरूरत पड़ने पर अपना नाम, माता-पिता का नाम और घर का पता बताने की सलाह दी गई।
पुलिस ने बच्चों को अनजान लोगों के साथ कहीं नहीं जाने और किसी अजनबी से खाने-पीने की चीजें या अन्य सामान नहीं लेने की भी समझाइश दी।
• अभिभावकों से भी अपील
खैरागढ़ पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को कम से कम माता-पिता का एक मोबाइल नंबर जरूर याद करवाएं और उन्हें नियमित रूप से सुरक्षा संबंधी जरूरी बातें समझाते रहें।
पुलिस के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य बच्चों में छोटी उम्र से ही सुरक्षा संबंधी व्यवहार और आपात स्थिति में सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करना है, ताकि किसी अप्रिय स्थिति में उन्हें जल्द से जल्द परिजनों से मिलाया जा सके।
खैरागढ़ पुलिस का संदेश: “बच्चों की सुरक्षा, हम सबकी जिम्मेदारी—एक मोबाइल नंबर याद रखें।”