खैरागढ़-छुईखदान-गंडई | 19 जून शुक्रवार शाम खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में अचानक मौसम ने करवट ली। तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, लेकिन कई जगह नुकसान भी देखने को मिला।
तेज हवाओं के कारण जिले के कई हिस्सों में पेड़ और बड़ी-बड़ी डालियां टूटकर सड़कों पर गिर गईं, जिससे कुछ समय तक आवागमन प्रभावित रहा। कई गांवों में बिजली आपूर्ति भी कुछ देर के लिए बाधित रही।
आंधी का सबसे ज्यादा असर फलदार पेड़ों पर पड़ा। खासकर आम के बागानों में बड़ी संख्या में कच्चे और पके आम जमीन पर गिर गए, जिससे किसानों और बागवानों को नुकसान उठाना पड़ा। कई पेड़ों की टहनियां भी टूट गईं।
बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया और लोगों को तेज गर्मी व उमस से राहत मिली। ग्रामीण क्षेत्रों में कई लोगों ने इस बारिश को खेती के लिए भी लाभदायक बताया, हालांकि तेज आंधी से हुए नुकसान की चर्चा पूरे जिले में रही।