रायपुर, 17 जून। सोशल मीडिया पर हाल के दिनों में कथित "विस्फोटक पेन" को लेकर कई पोस्ट और तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं। इस बीच रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही यह खबर और उससे जुड़ी तस्वीरें भ्रामक हैं।
रायपुर पुलिस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से जानकारी देते हुए कहा कि ऐसी किसी घटना की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे बिना सत्यापन के किसी भी वायरल संदेश या तस्वीर पर विश्वास न करें और न ही उन्हें आगे साझा करें।
पुलिस का कहना है कि अफवाहें समाज में अनावश्यक डर और भ्रम की स्थिति पैदा कर सकती हैं। यदि किसी व्यक्ति को कोई संदिग्ध वस्तु दिखाई देती है या किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।
रायपुर पुलिस ने लोगों से जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने और केवल आधिकारिक एवं विश्वसनीय स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है।