रायपुर, 6 जुलाई। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश ने जहां गर्मी से राहत दिलाई है, वहीं किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है। राज्य के कई जिलों में खेतों में पानी भरने की स्थिति बनने लगी है, जिससे हाल ही में बोए गए धान सहित खरीफ फसलों के बीजों के खराब होने और अंकुरण प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। कई हिस्सों में भारी वर्षा और जलभराव की खबरें भी सामने आई हैं।
राज्य के अधिकांश किसानों ने मानसून की शुरुआत के साथ धान और अन्य खरीफ फसलों की बुवाई शुरू कर दी थी। लेकिन लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों के खेतों में पानी जमा होने लगा है। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि यदि लंबे समय तक जलभराव बना रहा, तो बीज सड़ सकते हैं और किसानों को दोबारा बुवाई करनी पड़ सकती है।
किसानों का कहना है कि अच्छी पैदावार की उम्मीद से समय पर बुवाई की गई थी, लेकिन मौसम के बदलते मिजाज ने उनकी चिंता बढ़ा दी है। दोबारा बुवाई की स्थिति बनने पर बीज, मजदूरी और खेती की लागत बढ़ने का खतरा रहेगा।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी राज्य के कई क्षेत्रों में बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। ऐसे में कृषि विभाग किसानों को खेतों से पानी की निकासी की व्यवस्था करने और स्थानीय कृषि अधिकारियों की सलाह के अनुसार आगे की कार्रवाई करने की सलाह दे रहा है |