खैरागढ़: ग्राम पंचायत दिलीपुर के अंतर्गत आने वाले ग्राम खमतराई की निवासी श्रीमती राधा बाई वर्मा आज अपने परिश्रम, लगन और नवाचार के बल पर क्षेत्र की प्रेरणादायक महिला किसान बनकर उभरी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर आर्थिक आत्मनिर्भरता हासिल की है।
राधा बाई वर्मा ने जैविक खेती, सब्जी उत्पादन, मत्स्य पालन तथा जैविक कीटनाशक निर्माण जैसे कार्यों को अपनाकर अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि की है। उनकी इस पहल से न केवल उनके परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है, बल्कि आसपास की कई महिलाओं को भी स्वरोजगार और आधुनिक खेती अपनाने की प्रेरणा मिली है।
स्थानीय स्तर पर उन्हें "लखपति दीदी" के रूप में भी पहचान मिल रही है। उनकी सफलता यह साबित करती है कि सही दिशा, मेहनत और नवाचार के साथ ग्रामीण महिलाएं भी आत्मनिर्भर बनकर समाज में नई पहचान बना सकती हैं।
ग्रामीण विकास और महिला सशक्तिकरण की दिशा में राधा बाई वर्मा की यह उपलब्धि अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।